28 अप्रैल 2026

Apple के 50वें साल में बड़े लॉन्च की तैयारी, लेकिन मौजूदा आईफोन यूजर्स बैटरी की समस्या से परेशान

1 min read

Apple नए साल 2026 में टेक मार्केट में बड़ा तहलका मचाने की तैयारी में है। दरअसल यह साल कंपनी के लिए बेहद खास है क्योंकि Apple अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इसी जश्न को ध्यान में रखते हुए क्यूपर्टिनो की यह दिग्गज टेक कंपनी कई इनोवेटिव प्रोडक्ट्स लॉन्च कर सकती है। साल की शुरुआत से ही हमें बाजार में कई नए डिवाइस देखने को मिल सकते हैं।

आईफोन 18 सीरीज और नया 17e दुनियाभर में एप्पल फैंस को हमेशा नई आईफोन सीरीज का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस बार आईफोन 18 सीरीज बाजार में कदम रखने वाली है, जिसमें सबका ध्यान खास तौर पर फ्लैगशिप मॉडल्स यानी आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स पर टिका होगा। खबर है कि प्रो मैक्स के डिजाइन में हमें काफी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जैसे पिछले साल आईफोन 17 प्रो के कैमरा मॉड्यूल में बदलाव हुआ था, वैसे ही इस अपकमिंग सीरीज में भी कुछ नया देखने को मिलेगा। इसके अलावा नए कलर वेरिएंट्स और फेस आईडी की जगह अंडर-डिस्प्ले स्कैनर जैसी तकनीक भी आ सकती है। यह भी चर्चा है कि कंपनी डायनामिक आइलैंड को हटा सकती है। ये नए मॉडल्स शक्तिशाली A20 और A20 प्रो चिपसेट के साथ आएंगे।

वहीं साल की पहली तिमाही में कंपनी अपना एक अफोर्डेबल मॉडल iPhone 17e भी लॉन्च कर सकती है। A19 चिपसेट और बेहद पतले बेजल्स वाले LTPS OLED डिस्प्ले के साथ आने वाले इस फोन के पिछले हिस्से में 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और सेल्फी के लिए 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा होने की उम्मीद है।

मैकबुक, एआई ग्लासेस और आईपैड मिनी में अपग्रेड मैकबुक प्रो में भी कंपनी इस बार कुछ दिलचस्प बदलाव करने जा रही है। कंपनी नए मैकबुक में OLED डिस्प्ले और टच सपोर्ट दे सकती है। यह नया डिस्प्ले मुख्य रूप से मैकबुक M6 प्रो और M6 मैक्स में इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि इसके स्टैंडर्ड वर्जन में IPS पैनल ही रहने की संभावना है।

दूसरी तरफ एप्पल अपने एआई ग्लासेस के जरिए मेटा रे-बैन को सीधी टक्कर देने के मूड में नजर आ रहा है। इन स्मार्ट ग्लासेस में इन-बिल्ट कैमरा, स्पीकर और कई शानदार एआई फीचर्स होंगे जिनसे यूजर्स आसानी से कॉल करने, फोटो खींचने और वॉयस कमांड का इस्तेमाल कर सकेंगे। साल के अंत तक आईपैड मिनी का नया अवतार भी देखने को मिल सकता है। इसे OLED डिस्प्ले, वाटर रेजिस्टेंस और दमदार A20 प्रो चिपसेट के साथ बाजार में उतारा जा सकता है।

नए आईफोन मॉडल्स में बैटरी ड्रेन की समस्या एक तरफ एप्पल अपने भविष्य के बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ कंपनी के मौजूदा ग्राहक एक अजीबोगरीब समस्या का सामना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने शिकायत दर्ज की है कि जब उनके आईफोन की बैटरी पूरी तरह से खत्म होकर जीरो हो जाती है, तो डिवाइस तुरंत वापस चालू नहीं होता। यह दिक्कत मुख्य रूप से आईफोन 17 सीरीज और आईफोन एयर जैसे नए मॉडल्स में देखी जा रही है। एक यूजर की रिपोर्ट के मुताबिक बैटरी जीरो होने पर फोन अपने आप बंद हो गया और कुछ ही सेकंड में चार्जर प्लग इन करने के बावजूद उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। स्क्रीन पूरी तरह से ब्लैक रही और चार्जिंग का कोई निशान तक नहीं दिखा।

क्या है वजह और इसका समाधान यूजर्स का कहना है कि बैटरी के पूरी तरह ड्रेन होने के बाद फोन तुरंत वायर्ड चार्जिंग या बटन दबाने पर रिस्पॉन्ड नहीं करता। अलग-अलग USB-C केबल्स का इस्तेमाल करने या मैक से कनेक्ट करने, यहां तक कि हार्डवेयर रीसेट करने पर भी कोई फायदा नहीं होता। फोन कई मिनटों तक पूरी तरह से डेड नजर आता है। हालांकि यह समस्या हर बार या हर यूजर के साथ नहीं हो रही है। कुछ मामलों में फोन सामान्य रूप से रीस्टार्ट भी हुए हैं, जिससे पता चलता है कि यह समस्या लगातार नहीं आ रही है।

इस परेशानी का एक कारगर समाधान जो यूजर्स के बीच सामने आया है वह है वायरलेस चार्जिंग का इस्तेमाल। अगर फोन को 10 से 15 मिनट के लिए मैगसेफ या किसी वायरलेस चार्जर पर रख दिया जाए, तो वह वापस ऑन हो जाता है। टेक फोरम्स पर चल रही चर्चाओं के अनुसार फोन को रीबूट होने के लिए एक न्यूनतम बैटरी वोल्टेज की जरूरत होती है। जब बैटरी इस स्तर से नीचे गिर जाती है, तो डिवाइस तब तक चालू नहीं होता जब तक वह पर्याप्त चार्ज इकट्ठा न कर ले। ऐसे मामलों में वायर्ड चार्जिंग के मुकाबले वायरलेस चार्जिंग फोन को इस वोल्टेज स्तर तक पहुंचाने में ज्यादा असरदार साबित हो रही है। फिलहाल यूजर्स के लिए बेहतर यही है कि वे अपने फोन की बैटरी को पूरी तरह खत्म होने से बचाएं या जरूरत पड़ने पर अपने पास एक वायरलेस चार्जर जरूर रखें।